नवरात्र की छठ पर करौली के नगाड़ खाना दरवाजा स्थित राधा गोपालजी मंदिर में मां करणपुर (गुमानो मां) सेवा समिति ने भगवती जागरण और छप्पन भोग का आयोजन किया। मां करणपुर वाली की प्रतिमा की पूजा के बाद दरबार फूलों से सजाया गया और छप्पन भोग लगाया गया। रातभर चले जागरण में श्रद्धालु भजनों और लांगुरिया गीतों पर झूमते रहे। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य प्रमोद शास्त्री के मंत्रोच्चार और माता की ज्योत जलाने के साथ हुई। समिति पदाधिकारियों ने करौली में सुख-शांति की कामना की। श्रीजी म्यूजिकल ग्रुप ने जागरण शुरू किया। भजन गायक अंकेश पराशर ने गणेश वंदना और आरती के बाद 'झूला पीपल पर डलवा दी जो करणपुर वाली मैया' जैसे भजन सुनाए। अलवर की पिंकी शर्मा और उमाकांत बृजवासी ने भी माता के भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। समिति अध्यक्ष प्रहलाद गुप्ता और पदयात्रा संयोजक गिर्राज तिवारी समेत कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे। आखिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया।