करौली में शरद पूर्णिमा के मौके पर श्री राधा मदन मोहन मंदिर में खीर प्रसादी बांटी गई। राधा मदन मोहन शयन आरती भक्त मंडल ने संध्या आरती से शयन आरती तक श्रद्धालुओं को प्रसादी दी। इस दौरान मंदिर परिसर में गोपाल सहस्रनाम पाठ का भी आयोजन हुआ। भक्त मंडल के सदस्य जयंत शर्मा (जॉन्टी) ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी धार्मिक आयोजन किया गया। पंडित शिवजी प्रसाद शास्त्री ने संध्या आरती पर गोपाल सहस्रनाम पाठ किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान मदन मोहन के दर्शन किए। उन्होंने धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया और खीर प्रसादी ली। मान्यता है कि पूर्णिमा की रात खीर बनाकर चंद्रमा की रोशनी में रखी जाती है और चंद्रदेव को चढ़ाई जाती है।