करौली के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में एसपी लोकेश सोनवाल ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने जुलाई माह के दौरान अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अधिक से अधिक अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने जोर दिया। बैठक में जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ नए आपराधिक कानूनों की पालना, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और नेट ग्रिड सॉफ्टवेयर के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जुलाई के लिए तय की प्राथमिकताएं एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में नियमित रूप से मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में करौली पुलिस लगातार अपराध समीक्षा बैठकें कर रही है।् उन्होंने कहा कि जुलाई माह में पुलिस का मुख्य फोकस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और अधिक से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने पर रहेगा। साथ ही सभी प्रकार के प्रकरणों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने पर भी जोर दिया जाएगा। लंबित मामलों और नए कानूनों पर विशेष फोकस बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, नए आपराधिक कानूनों की प्रभावी पालना, नेट ग्रिड सॉफ्टवेयर के अधिकतम उपयोग, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर अपराधों की नियमित समीक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक एसपी कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा, हिण्डौन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्यपाल मलिक, जिले के सभी वृत्ताधिकारी (डीएसपी) तथा थाना प्रभारी मौजूद रहे।