करौली जिले में शुक्रवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। जिला मुख्यालय से हिण्डौन सिटी तक आसमान में घने काले बादल छा गए। ठंडी हवाओं और मेघ गर्जना के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक घुल गई। करौली और हिण्डौन सिटी में सुबह करीब 7 बजे बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। गुरुवार रात को भी जिले में बारिश हुई थी। मौसम के इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में कटाई के बाद पड़ी बाजरे की फसल को बारिश से नुकसान होने की आशंका है। यदि बारिश जारी रहती है, तो फसल भीगने से किसानों को परेशानी हो सकती है।