बाइस गोदाम के करतारपुरा इलाके में गुरुवार को चलती स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान स्कूटी सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया- स्कूटी में चलते-चलते अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि इससे पहले करीब 10 मीनट तक स्कूटी में आग भभकती रही। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि स्कूटी पूरी जल गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।