पुरानी रंजिश और शराब के नशे में दो भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर लोहे के सरिये से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बड़ा भाई अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन घायल को केशोरायपाटन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में देर रात कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बूंदी जिले के केशोरायपाटन थाना क्षेत्र के ईश्वर नगर की है। मृतक की पहचान चेतराम मीणा (46) के रूप में हुई है। केशोरायपाटन थाने के एसआई संतोष चंद्रावत ने बताया- देर रात पुलिस को ईश्वर नगर में मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार छोटे भाई रामहेत ने अपने बड़े भाई चेतराम के सिर पर लोहे के सरिये से वार किया था। घायल को परिजन एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एक ही घर में अलग-अलग कमरों में रहते थे दोनों भाई परिजनों के अनुसार रामहेत तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर है। दोनों भाई एक ही घर में रहते थे, लेकिन कमरे अलग-अलग थे। दोनों के बीच पहले भी लड़ाई-झगड़े हो चुके थे। गुरुवार रात शराब के नशे में एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान छोटे भाई रामहेत मीणा (38) ने बड़े भाई चेतराम के साथ मारपीट की और लोहे के सरिये से उसके सिर पर वार कर दिया। दोनों भाई खेती करते थे। घटना के बाद पुलिस ने कोटा एमबीएस अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी रामहेत को डिटेन कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।