अग्रवाल भवन खैरथल में अग्रवाल महिला मंडल का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में शपथ ग्रहण के साथ महिलाओं ने सामाजिक एकता, महिला सशक्तिकरण और सेवा भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। वहीं, डांडिया नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सदस्यों को पद और दायित्वों की शपथ दिलाई समारोह में शकुंतला गोयल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी एवं मंडल की सदस्यों को पद और दायित्वों की शपथ दिलाई। इस दौरान संरक्षक मीनाक्षी गोयल, अध्यक्ष रुपाली गोयल, उपाध्यक्ष रुचि मंगल, सचिव वंदना अग्रवाल, सह-सचिव नीलम अग्रवाल और कोषाध्यक्ष नेहा मंगल ने अपने दायित्व संभाले। संयोजक के रूप में कनिका अग्रवाल एवं मीनाक्षी अग्रवाल तथा सलाहकार के रूप में बीना गर्ग, रुक्मणी गोयल, अर्चना गर्ग और मंजू अग्रवाल ने भी जिम्मेदारी ग्रहण की। डांडिया की प्रस्तुतियों ने बांधा समां समारोह का मुख्य आकर्षण डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। डांडिया सज्जा प्रतियोगिता में नीलम विनोद अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में स्नेह भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महिलाओं को आगे बढ़ाना मंडल का उद्देश्य महिला मंडल का उद्देश्य महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा के माध्यम से सामाजिक विकास में योगदान देना है। समारोह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि संगठित और जागरूक महिलाएं परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।