खैरथल क्षेत्र के मातोर रोड स्थित ईपी स्कूल के पीछे दातला की पहाड़ियों में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन केंद्र और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही खैरथल अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायरमैन इंचार्ज अमित शर्मा सहित टीम के सदस्यों ने वन विभाग के लगभग सात कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने के लिए प्रयास किए। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग 5 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बरतने और आग लगने के कारणों की जांच करने की बात कही है।