राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर खैरथल-तिजारा जिला पुलिस द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों से लेकर आमजन तक सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत 15 अप्रैल को शहर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय मेगा क्विज प्रतियोगिता से हुई। इस प्रतियोगिता में जिलेभर के सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नए कानून और ट्रैफिक नियम बताए
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एएसपी जयासिंह ने बताया कि एसपी बृजेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों को नए आपराधिक कानूनों बीएनएस, बीएनएसएस, बीएसए, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और चित्र प्रदर्शनी हुई
जिला शिक्षा अधिकारी शकुन्तला मीणा के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। साथ ही चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से बाल अधिकार, सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां छात्रों को सरल तरीके से दी गईं।
पुलिस जवानों ने श्रमदान और रक्तदान किया
दूसरे दिन 16 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रिजर्व पुलिस लाइन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सवेरे पुलिस जवानों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 25 यूनिट रक्तदान किया, जो मानवता के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस मौके पर किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव, किशनगढ़बास थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा, ततारपुर थाना अधिकारी महावीर सिंह शेखावत, मुंडावर थाना अधिकारी मोहर सिंह, खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव, कोटकासिम थाना अधिकारी जसवंत यादव, खैरथल महिला थाना अधिकारी नंदलाल जांगिड़ आदि ने भी रक्तदान किया। इस अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्विज प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय सहित पांच सांत्वना पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विजेताओं को नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि शीर्ष प्रतिभागी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन के साथ संवाद स्थापित कर पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही पुलिस विभाग की कार्यशैली एवं कानूनी जागरूकता पर आधारित प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस कर्मियों को उत्तम, अति-उत्तम एवं सर्वोत्तम सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, रिजर्व पुलिस लाइन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।