खैरथल-तिजारा, जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को जिले में चल रहे विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने हरसौली स्थित LC-86 PR पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाएगी तथा आमजन को राहत प्रदान करेगी। इसके बाद, कलेक्टर ने खैरथल से MDR 318 शेखपुर वाया बघेरी मार्ग के चौड़ीकरण (वाइडनिंग) एवं सीधा करने (स्ट्रेटनिंग) के कार्य का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने विजय मंदिर, घाटला, पडिसल, खैरथल हरसौली MDR-198 सड़क के चौड़ीकरण एवं सीधा करने के कार्य का भी जायजा लिया। इस दौरान वे टेस्टिंग लैब पहुंचे, जहां निर्माण सामग्री के सैंपल की मौके पर जांच की गई। उन्होंने MDR-318 सड़क निर्माण कार्य स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां मौके पर ही निर्माण सामग्री के सैंपल लिए गए। निरीक्षण के क्रम में, खैरथल बायपास (MDR-25 किशनगढ़ बास–खैरथल–कोटपुतली मार्ग) के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने और कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दोहराए।