झालावाड़ जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में कालारेवा गांव के पास शुक्रवार दोपहर बाद दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वह बाइक से घर लौट रहा था। गंभीर हालत में उसे झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक टीकम पोटर (21) पुत्र सत्यनारायण, कंवरपुरा मंड का रहने वाला था। वह शुक्रवार दोपहर बाद पनवाड़ गांव से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। कालारेवा गांव के पास सामने से आ रही बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टीकम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे आ रहे उसके चाचा मुकेश को हादसे की जानकारी मिली। वे मौके पर पहुंचे और टीकम को झालावाड़ अस्पताल ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान टीकम की मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।