झालावाड़ जिला पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए एक नई पहल की है। इसके तहत खानपुर क्षेत्र में 8 अप्रैल को एक घंटे के लिए 'आदर्श ट्रैफिक जोन' बनाया जाएगा। यह कदम यातायात नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए झालावाड़ जिले में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और पालना के लिए यह पहल शुरू की गई है। थाना खानपुर क्षेत्र में 8 अप्रैल को शाम 4 बजे से 5 बजे तक दहीखेड़ा चौराहा से काली तलाई तक के क्षेत्र को आदर्श ट्रैफिक जोन घोषित किया गया है। इस एक घंटे के दौरान आदर्श ट्रैफिक जोन में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। यह भी निर्धारित किया गया है कि इस क्षेत्र में किसी भी वाहन ड्राइवर द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। 'जीरो टॉलरेंस' की इस अवधारणा से सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। थानाधिकारी खानपुर ने क्षेत्र के नागरिकों से यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। इस संबंध में थाना खानपुर में सीएलजी सदस्यों और पुलिस मित्रों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें उनसे सहयोग और जागरूकता फैलाने का आग्रह किया गया। खानपुर पुलिस का यह प्रयास समाज में अनुशासन, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर एक सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।