सीकर की धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में पुलिस ने 18 लपकों को गिरफ्तार किया है। यह सभी खाटू में आने वाले श्रद्धालुओं पर अपने परिचित लोगों के होटल और गेस्ट हाउस में कमरा लेने के लिए दबाव बनाते थे। कोई इनका विरोध करता तो उनके साथ बदतमीजी करते और मारपीट करने पर उतारू हो जाते थे। पुलिस ने सभी को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को किया गिरफ्तार खाटूश्यामजी के कार्यवाहक SHO दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी अनिल चावरिया, वीरेंद्र कुमार, हर्षित गोयल,ओम प्रकाश,अजीत सिंह, प्रवीण कुमार,अजय कुमार नायक,करण वर्मा, प्रशांत दायमा,बलराम यादव,दिलसुख गुर्जर,हरिराम बंजारा,विक्रम सैनी, राहुल कुमावत, हरिओम,सचिन जैन,दिनेश कुमार कुमावत और अंकित सैनी को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों को तोरण द्वार,अस्पताल चौराहा,मंडा चौराहा सहित अन्य जगहों से गिरफ्तार किया है। भक्तों के मना करने पर करते थे बदसलूकी आरोपी खाटूश्यामजी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं पर अपने परिचित लोगों के गेस्ट हाउस और होटल में कमरा बुक करने के लिए दबाव बनाते। यदि कोई इन्हें मना करता और विरोध करता तो उसके साथ बदतमीजी भी करने लग जाते। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। बता दें कि सीकर के खाटूश्यामजी में ही 26 मई को गेस्ट ले जाने की बात पर युवक कारण कुमावत पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद से लगातार धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में पुलिस द्वारा ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले आरोपियों को किसी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।