अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में मंगलवार रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के मोबाइल चोरी कर लिए। वारदात कठूमर रोड स्थित कोमल मोबाइल दुकान में हुई। चोर दुकान का ताला तोड़कर और शटर की पत्तियां चौड़ी कर अंदर घुसे और काउंटर में रखे सभी मोबाइल समेटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लोगों ने ताले टूटे देखे-दुकानदार को दी सूचना जानकारी के अनुसार दुकान मालिक कोमल सिंह नरुका किसी काम से जयपुर गए हुए थे। दुकान पर कर्मचारी पवन और मनीष काम कर रहे थे। मंगलवार रात दुकान बंद होने के बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह राहगीरों ने दुकान का शटर खुला देखा तो इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग भी वहां एकत्र हो गए। दुकान में रखे सारे मोबाइल ले गए चोर दुकान मालिक के अनुसार दुकान में कुल 29 मोबाइल रखे हुए थे, जिनमें 7 सेकेंड हैंड आईफोन और 22 एंड्रॉयड मोबाइल शामिल थे। इनमें 3 नए मोबाइल भी थे, जबकि आईफोन में दो iPhone 14 Pro और एक iPhone 13 Pro भी शामिल था। चोर दुकान में रखे सभी मोबाइल चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पर थानाधिकारी विजय कुमार चंदेल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन दुकान मालिक के अनुसार रात को दुकान बंद करते समय कैमरे बंद कर दिए गए थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। (इनपुट;रोहित सिंघल)