नागौर के ताड़ावास गांव में एक चूना-भट्‌टा से ऐसा विस्फोटक बरामद किया गया, जिसे भारत सरकार ने प्रतिबंधित कर रखा है। इसका इस्तेमाल सिर्फ सैन्य उपयोग के लिए किया जा सकता है। ताड़ावास गांव में टीम को इंडो सुपर पावर-90 IGIL डेंजर एक्सप्लोसिव (25 एमएम, 125 ग्राम) और इलेक्ट्रॉनिक डिटोनेटर्स के साथ 1000 फीट का वायर भी मिला। खींवसर पुलिस ने चूना-भट्‌टा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार- पुलिस टीम ने सरहद ताड़ावास पर अंगीरा लाइम नाम के चूना भट्‌टा पर दबिश दी और भारी मात्रा में प्रतिबंधित विस्फोटक पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहन काठात और ओमप्रकाश हैं। ​सैन्य उपयोग का विस्फोटक बरामद पुलिस को मौके से IGIL डेंजर एक्सप्लोसिव और इलेक्ट्रॉनिक डिटोनेटर्स मिले। इसके साथ ही लगभग 1000 फीट लंबा वायर भी मिला। यह विस्फोटक केवल सैन्य उपयोग के लिए है। भारत सरकार ने 21 दिसंबर 2025 से इसके निर्माण, कब्जे, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। जानकारी के अनुसार खनन माफिया इसका इस्तेमाल अवैध खनन में करते हैं। IPS अदिति के नेतृत्व में कार्रवाई खींवसर थाना अधिकारी और प्रोबेशनरी आईपीएस अदिति उपाध्याय को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। SP रोशन मीणा के निर्देशन में सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपियों को विस्फोटक के साथ रंगे हाथों पकड़ा। एसपी रोशन मीणा ने बताया- अवैध विस्फोटकों के खिलाफ जिले में यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। मुख्य जांच इस बिंदु पर टिकी है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सैन्य विस्फोटक कहां से खरीदा गया?