डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खुनखुना थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.80 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हारून रसीद (22) पुत्र सलीमुदीन और उमर फारूक शेरानी (30) पुत्र निजामुदीन के रूप में हुई है। ये दोनों गोसिया मोहल्ला, शेरानी आबाद, थाना खुनखुना के निवासी हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में हुई। थानाधिकारी मनसीराम और डीएसटी डीडवाना की संयुक्त टीम ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस ने खुनखुना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों से एमडीएमए की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य तस्करों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मनसीराम, डीएसटी प्रभारी जीवराज सिंह सहित खुनखुना थाना और डीएसटी डीडवाना की टीम शामिल थी। पुलिस ने बताया कि डीएसटी डीडवाना के कॉन्स्टेबल रिछपाल का इसमें विशेष योगदान रहा।