बारां जिले के किशनगंज-शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल नागर मंगलवार शाम को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थामा। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने उन्हें माला पहनाकर और कांग्रेस का दुपट्टा ओढ़ाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। बाबूलाल नागर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष और भाजपा के पूर्व डायरेक्टर रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से नाराज होकर यह कदम उठाया है। उनके कांग्रेस में आने से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है। इससे पहले धाकड़ समाज के नेता निर्मल मथोडिया भी कांग्रेस में शामिल हुए थे। नागर के आने से कांग्रेस को और मजबूती मिली है।