किशनगढ़बास में रामलीला का अयोजन किया गया। इसमें हनुमान जी के पराक्रम, माता सीता से भेंट, अशोक वाटिका उजाड़ने और लंका दहन की लीला का मंचन हुआ। रामलीला में बाल अंगद की भूमिका निभाने वाले 9 वर्षीय हिमांशु सोनी और माता सीता के रूप में 15 वर्षीय हर्षित अग्रवाल के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। मीडिया प्रभारी नवीन जैन ने बताया कि लीला का शुभारंभ रामादल के समुद्र तट पर पहुंचने के प्रसंग से हुआ। यहां जामवंत, अंगद सहित वानरों ने हनुमान जी को उनकी शक्ति का स्मरण कराया। इसके बाद हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचे और अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट की। हनुमान-विभीषण संवाद, राम स्तुति के माध्यम से माता सीता का ध्यान आकर्षित करने और सीता-हनुमान संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने निभाईं प्रमुख भूमिकाएं मंचन में राम की भूमिका पीयूष शर्मा, लक्ष्मण की मोहित यादव, सुग्रीव की हर्ष शर्मा, जामवंत की नवीन जैन, हनुमान की रामपाल यादव, विभीषण की सागर सिंघल और रावण की गजेंद्र यादव ने निभाई। संपाति के रूप में हरिओम गुप्ता तथा मालिन की भूमिका में निकेश जांगिड़ नजर आए। इसके अलावा मयंक शर्मा, निष्कर्ष तिवारी, पुरु गोयल सहित अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न भूमिकाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलाकारों के अभिनय और संवाद अदायगी ने रामलीला के प्रसंगों को जीवंत बना दिया।