खैरथल-तिजारा जिले में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के स्टेट ब्रांड एम्बेसडर के के गुप्ता ने मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में बैठक लेकर स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक में जिले के सभी नगर निकायों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान गुप्ता ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया स्वच्छता अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग ने इसकी महत्ता को समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश में स्वच्छता को लेकर गंभीर हैं और नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि राजस्थान को इस क्षेत्र में अग्रणी बनाया जा सके। स्वच्छता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता कार्य केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि किसी भी क्षेत्र के विकास और समृद्धि के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि नगर निकायों को उनके कार्यों के आधार पर चार श्रेणियों- A, B, C और D में वर्गीकृत किया जाएगा। A श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकाय, B में संतोषजनक प्रदर्शन करने वाले, C में सुधार की आवश्यकता वाले और D श्रेणी में आने वाले निकायों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 400 घरों से कचरा इकट्ठा करने की सीमा तय बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। इनमें सुबह 10 बजे से पहले डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करना और गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करना शामिल है। एक वाहन से अधिकतम 400 घरों से कचरा संग्रहण करने की सीमा तय की गई है। इसके अलावा प्लास्टिक थैलियों के उपयोग पर रोक लगाने, सामुदायिक शौचालयों की दिन में तीन बार सफाई सुनिश्चित करने और व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित रात्रिकालीन सफाई करने के निर्देश भी दिए गए। खाली प्लॉट की सफाई नहीं होने पर 10 गुना तक जुर्माना लगाने की बात कही गई है। साथ ही बगीचों, पार्कों और डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण, सड़कों और नालियों की नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के बेहतर रखरखाव और झील-तालाबों में गंदा पानी जाने से रोकने पर भी जोर दिया गया। खुले में कचरा डालने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। टूरिस्ट स्थलों और बाजार क्षेत्रों पर विशेष ध्यान बैठक में टूरिस्ट स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने, दुकानों पर कचरा पात्र अनिवार्य करने और अवैध मांस की दुकानों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि वे इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर परिषद खैरथल, भिवाड़ी, तिजारा सहित विभिन्न विभागों और नगरीय निकायों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।