कोटा ग्रामीण के देवली मांझी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल दो भाइयों में से बड़े भाई की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। जबकि छोटा भाई गंभीर घायल है। उसका एमबीएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। देवली मांझी थाने के एएसआई सत्यनारायण ने बताया- यह हादसा 1 जुलाई को खजूरी के पास हुआ था। बड़ा भाई बादल और छोटा भाई विशाल बाइक से गांव लटूरी लौट रहे थे। दोनों रिश्तेदारी में शोक कार्यक्रम में शामिल होकर घर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए बाइकसवार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने मामला किया दर्ज, बाइक सवार की तलाश हादसे के बाद दोनों भाइयों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। गंभीर चोटों के कारण बडे़ भाई बादल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं विशाल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में बादल के शव का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अज्ञात बाइक सवार की तलाश में जुटी है। पुलिस ने कहा- आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।