कोटा में घूमने निकले तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। घटना देर रात उद्योग नगर थाना क्षेत्र के NH-27 धाकड़खेड़ी के पास की है। दोनों के शवों का आज कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्च्यूरी में पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। मृतक अभिषेक (19), मोनू (20) उम्मेदगंज थाना उद्योगनगर के रहने वाले थे। अभिषेक के दोस्त दुर्गा शंकर ने बताया उम्मेदगंज निवासी अभिषेक, मोनू व कालू (21) रात को बाइक से रायपुरा से फोरलेन की तरफ घूमने निकले थे। तीनों दोस्त कैथून रोड फ्लाईओवर पर चढ़ने के बाद झालावाड़ रोड की ओर करीब 500 मीटर ही पहुंचे थे। उसी समय पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। अभिषेक व मोनू के गंभीर चोट लगी। जबकि कालू घायल हो गया। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तीनों को पहचान कर तुरंत परिजनों को सूचना दी और हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां अभिषेक व मोनू ने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मजदूरी करते थे तीनों दोस्त बतादें, तीनों दोस्त मजदूरी करते थे। मोनू 2 भाइयों में बड़ा था। 6 महीने पहले उसकी मां की डेथ हो गई थी, जबकि पिता बीमार रहते हैं। हादसे से कुछ समय पहले अभिषेक व मोनू ने मोबाइल से सेल्फी ली थी। उस समय घायल कालू पानी पीने चला गया था।