तेज गर्मी में कोटा में लगातार आग की घटनाएं सामने आ रही है। हर दिन तीन से पांच घटनाएं आग लगने की हो रही है। सोमवार को कोटा एयरपोर्ट परिसर में लगी आग ने अचानक हड़कंप मचा दिया। एयरपोर्ट के अंदर झाड़ियों में भड़की इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और करीब आधा किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गई। संवेदनशील इलाके में आग लगने की घटना की सूचना मिलते ही हडकंप मच गया। एक के बाद एक 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि एयरपोर्ट परिसर के अंदर झाड़ियों से धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग तेज लपटों में बदल गई। गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही कर्मचारियों को अलर्ट कर मौके के लिए रवाना किया गया। 6 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयास के बाद आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया जा सका। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि सूखी झाड़ियों और तेज गर्मी ने आग को फैलने में मदद की। इसी बीच, कोलाना क्षेत्र से भी एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां करीब 500 साल पुराने बताए जा रहे एक पेड़ के तने में आग लग गई। पेड़ के तने के से उठती लपटों ने लोगों को चौंका दिया। सूचना पर दमकल की गाडी मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया। पेड के आस पास भी सूखी झाड़ियां थी। ऐसे में माना जा रहा है कि झाड़ी में आग के बाद तने में आग लगी हो।