छीपाबड़ौद| समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पित संस्था भारत विकास परिषद शाखा छीपाबड़ौद को कोटा ब्लड बैंक की ओर से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान संस्था की ओर से क्षेत्र में निरंतर आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविरों और जनसेवा के कार्यों के प्रोत्साहन स्वरूप किया गया है। भाविप शाखा अध्यक्ष दीपक जैन, सचिव गिरिराज बंसल एवं कोषाध्यक्ष कौशल गोयल ने बताया कि परिषद की ओर से हर वर्ष 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। रक्तदान प्रभारी अखिलेश ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से संकलित रक्त कोटा ब्लड बैंक सहित अन्य सरकारी एवं निजी ब्लड बैंकों को उपलब्ध कराया जाता है। जिससे कई जरूरतमंदों की जान बचाने में मदद मिलती है। परिषद की ओर से प्रतिनिधि नरेंद्र बाठला ने कोटा पहुंचकर यह सम्मान हासिल किया। शाखा को मिले इस सम्मान पर परिषद के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। भाविप के दक्षिण-पूर्वी प्रांतीय संयोजक महेंद्र नागर एवं जिला समन्वयक धीरज बाठला ने कहा कि यह सम्मान परिषद के हर सदस्य और रक्तदाता का है जो पुनीत कार्य में सहयोग देते हैं।