कोटा में नाबालिगों किशोरों ने तेज रफ्तार कार को सड़क किनारे दुकानों में घुसा दी। कार ने पहले सड़क पर मटकी बेच रही महिला की अस्थायी दुकान पर सामान को रौंदते हुए पास में फर्नीचर दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद कार लोहे की ग्रिल से टकरा गई। हादसे में दो स्कूटी और मटकी की दुकान के सामान के साथ फर्नीचर शॉप का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। शहर के बोरखेड़ा-थेगड़ा रोड पर शुक्रवार दोपहर करीब 2:40 बजे यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- कार में चार नाबालिग किशोर सवार थे। इनमें दो आगे और दो पीछे बैठे थे। कार एक नाबालिग चला रहा था। हादसे के बाद सभी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मटकी की दुकान के पास मौजूद एक छोटा बच्चा और महिला भी कार की चपेट में आने से चोटिल हुए। हालांकि दोनों बाल-बाल बच गए। दुकान का सामान टूटा फर्नीचर शॉप के दुकानदार विनीत शर्मा ने बताया- कार की टक्कर से प्लास्टिक की कुर्सियां, रिवॉल्विंग चेयर, बेड सहित अन्य सामान टूट गया। उन्होंने बताया- कार इतनी स्पीड में थी कि दुकान के अंदर भी घुस सकती थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बोरखेड़ा थाना पुलिस पहुंची। हैड कॉन्स्टेबल रामलखन मीणा ने बताया- हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने नाबालिगों के कार चलाने की बात कही है। कार मालिक और घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है। क्रेन की मदद से कार को मौके से हटवाया गया।