कोटा में बीटेक स्टूडेंट की हत्या कर तीनों आरोपी जयपुर पहुंचे, जहां फैक्ट्री में काम करते हुए मिले। कोटा पुलिस ने आरोपियों को दबिश देकर जयपुर से पकड़ा है। आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते बदला लेने के लिए आरोपियों ने छात्र पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। 5 अक्टूबर को वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। फरारी के दौरान तीनों जयपुर में एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। कोटा पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ बच्चा (21), सागर (20) और बाल अपचारी को जयपुर से पकड़ा। राहुल बच्चा के खिलाफ शहर के अलग-अलग थाने में 3 व सागर के खिलाफ 7 मामले दर्ज है। पुरानी रंजिश के चलते किया था हमला सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होना सामने आया है। पूछताछ में सामने आया कि मार्च में भुवनेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल से मारपीट की और चाकू मारा। राहुल ने इसकी शिकायत अनंतपुरा थाने में दी थी। इस कारण दोनों के बीच काफी दिनों से रंजिश चल रही थी। राहुल भुवनेश नागर से बदला लेना चाहता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भुवनेश नागर पर चाकू से हमला किया। फिर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे। आरोपी काफी चालाक और शातिर किस्म के है। पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम की घोषणा की। तकनीकी अनुसंधान व मुखबिर के जरिए आरोपियों के जयपुर में एक फैक्ट्री में काम करने की जानकारी मिली। इसके बाद कोटा पुलिस ने जयपुर से तीनों को डिटेन किया। मामले की जांच की जा रही है। ये था मामला भुवनेश नागर मोदी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT), कोटा में बीटेक फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। 5 अक्टूबर की रात को बाइक पर दोस्त से मिलने निकला था। रात साढ़े 8 बजे अनंतपुरा थाना इलाके में कान्हा मैरिज गार्डन के आस पास आरोपियों ने भुवनेश पर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। ये खबर भी पढ़े- बदला लेने के लिए बीटेक स्टूडेंट की हत्या:पहले लाठी-डंडों से पीटा, फिर चाकू मारा; 7 महीने पहले भी हुआ था विवाद