कोटा के रानपुर इलाके में केमिकल फैक्ट्री में काम करते समय युवक अचेत हो गया, जिसे इलाज के लिए जगपुरा के एक निजी मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। यह घटना शाम करीब 6 बजे जगपुरा-भीमपुरा इलाके में हुई। युवक विक्रम (23) लखावा का रहने वाला था। वह भीमपुरा स्थित फ़ार्विनेक्स केमफार्म प्राइवेट लिमिटेड में हेल्पर था। वह सुबह 8 बजे ड्यूटी पर फैक्ट्री पहुंचा था। रानपुर थाने के SI भीमसिंह ने बताया- फैक्ट्री में काम करते समय युवक को अचानक घबराहट हुई। उसके सीने में दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर गया। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने उसे इलाज के लिए जगपुरा के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। अभी तक परिजनों ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।