कोटा के नयागांव रोजड़ी इलाके में निर्माणाधीन मकान पर जा रहे एक बाइक सवार फाइनेंसकर्मी को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब साढ़े 10 बजे नयागांव पुलिया के पास हुई। मृतक की पहचान मोहनलाल सुखाड़िया आवास योजना निवासी मोहित जांगिड़ (25) के रूप में हुई है। मोहित एक निजी कंपनी में फाइनेंस का काम करता था। 16 जुलाई को उनके नए निर्माणाधीन मकान में गृह प्रवेश का मुहूर्त था, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था। इसके साथ ही, इसी साल नवंबर में मोहित की शादी भी होने वाली थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पिता की मौत के बाद संभाला था घर, नवंबर में होनी थी शादी ताऊ हनुमान जांगिड़ ने अत्यंत दुखी मन से बताया कि मोहित दो भाइयों में बड़ा था। पिता की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी मोहित के कंधों पर ही थी और वही घर का एकमात्र सहारा था। करीब 4-5 महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी और इसी साल नवंबर में उसकी शादी होनी तय हुई थी। शादी से पहले वह नयागांव रोजड़ी में अपना नया मकान बनवा रहा था, जिसकी प्रगति देखने वह रोज वहां जाता था। आगामी 16 जुलाई को नए मकान में गृह प्रवेश का मुहूर्त था, लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। इकलौते कमाऊ बेटे की मौत की खबर सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। नए मकान पर जाते समय हुआ हादसा शनिवार सुबह भी मोहित हमेशा की तरह अपनी बाइक लेकर मोहनलाल सुखाड़िया योजना स्थित आवास से नयागांव में बन रहे अपने नए मकान के लिए निकला था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब वह नयागांव पुलिया के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने हाईवे एम्बुलेंस की मदद से लहूलुहान हालत में मोहित को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ओवरटेक के दौरान डंपर के पिछले हिस्से से टकराई बाइक आरकेपुरम थाने के ASI लक्ष्मीनारायण ने बताया- युवक बाइक से नयागांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान नयागांव पुलिया के नीचे से एक डंपर घुमाव (टर्न) लेकर हाईवे पर चढ़ रहा था। तभी ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सवार युवक डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में युवक के सिर, हाथ और मुंह पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा देवकीनंदन की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।