कोटा में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की तीन घटनाएं सामने आईं। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी स्थानों पर आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पहली घटना बैंक ऑफ़ बड़ौदा की स्थानीय शाखा में हुई, जहां स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। मुख्य अग्निशन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि स्टोर रूम से एसी लाइन जा रही है। जिसमें खराबी आने से शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी उठी और स्टोर रूम में रखी स्टेशनरी व कुछ फाइलों ने आग पकड़ ली। आग लगते ही साइरन भी बजने लगा। एकाएक हुई घटना से हडकंप मच गया। हालांकि आग ज्यादा नहीं फैली और कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ दस्तावेज और स्टेशनरी जल गई। दूसरी घटना रेलवे सोसाइटी क्षेत्र में एक मकान में आग लगने की रही। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यहां भी कमरे में आग लगी थी, जिसे समय रहते ही बुझा दिया गया। प्रारंभिक रूप से आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच जारी है। तीसरी घटना डायरा गांव में खेतों में लगी आग की रही। यहां अचानक फसल में आग भड़क उठी, जिससे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर भेजी गई, जिसने आग को नियंत्रित कर लिया। इस दौरान कुछ फसल को नुकसान जरूर हुआ, लेकिन बड़े स्तर पर नुकसान होने से बचाव हो गया। तीनों घटनाओं में राहत की बात यह रही कि कहीं भी जनहानि नहीं हुई। अग्निशन विभाग ने लोगों से अपील की है कि विद्युत उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें। 300 किलो पॉलीथीन जब्त इधर, निगम की अग्निशमन विभाग की टीम ने रामपुरा इलाके में सर्च अभियान चलाया। अभियान पॉलीथीन बिक्री के खिलाफ चलाया गया। रामपुरा बाजार में टीम ने तीन सौ किलो पॉलीथीन को जब्त किया है। साथ ही दुकानदार को चेतावनी दी है कि पॉलीथीन की बिक्री न की जाए, नहीं तो कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी। सभी दुकानदारों के इसे लेकर चेतावनी दी गई है।