कोटा शहर और आस-पास के इलाकों में आज आग लगने की 4 घटना हुई। ये घटनाएं शंभुपुरा इलाके, खेड़ा रामपुर गांव, नांता स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड और कुन्हाड़ी इलाके में हुई। फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने समय रहते मौके पर जाकर आग को बुझाया। चारों जगह संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकें। आगजनी की घटनाएं- पहली घटना- हाईड्रा मशीन में लगी आग मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि शंभुपुरा इलाके में एक हाईड्रा मशीन में आग लग गई। आग मशीन के इंजन वाले हिस्से में लगी थी, जो देखते ही देखते तेज हो गई। सूचना पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। एक दमकल आर्मी को भी बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि मशीन को काफी नुकसान पहुंचा है। दूसरी घटना- मकान के खाली हिस्से में आग भभकी रामपुर गांव में एक मकान के खाली परिसर में रखे भूसे के ढेर में आग भभकी। आग पास में रखे छानों तक फैल गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फायर बिग्रेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया था। तीसरी घटना- ट्रेचिंग ग्राउंड में लगी आग नांता स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में भी एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। यहां कचरे के ढेर में आग लगना आम होता जा रहा है। लगभग हर दूसरे दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार सुबह भी कचरे से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद वहां तैनात फायर बिग्रेडकर्मियों ने आग को बुझाया। चौथी घटना- बल्लियों के गोदाम में लगी आग कुन्हाड़ी इलाके में बल्लियों के एक गोदाम में आग लग गई। गोदाम के अंदर से धुआं निकलता देख आस-पास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने पहले क्रेन की सहायता से शटर को तोड़ा। फिर अंदर घुसकर आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान फायर बिग्रेड की 3 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद आग को बुझाया गया।