कोटा में आगामी त्योहारों और राष्ट्रीय दशहरा मेले को देखते हुए शहर में शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। विभाग की टीम शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों और मेला परिसर में ताबड़तोड़ निरीक्षण अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर शिकंजा कस रही है। मंगलवार देर शाम को भी टीम ने गुमानपुरा स्थित मावा मंडी, अग्रसेन बाजार और केशवपुरा में अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मावा, ड्राई फ्रूट्स, चांदी के वर्क, बासमती राइस और जीरे के कुल 13 नमूने जांच के लिए इकटठा किए। मौके पर मिला 110 किलोग्राम सड़ा-गला और बदबूदार अमचूर व छुआरा नष्ट करवाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने सबसे पहले गुमानपुरा स्थित मावा मंडी का सघन निरीक्षण किया। त्योहारों पर मावे की भारी मांग को देखते हुए गुणवत्ता जांचने के लिए मेसर्स न्यू अग्रवाल मावा सेंटर, स्वास्तिक मावा भंडार, न्यू सिंगला मावा, श्री मावा, चांदमल जैन एंड संस, आदिनाथ मावा और जैन मावा से मावे के कुल 8 नमूने लिए गए। एक दर्जन दुकानों का निरीक्षण राष्ट्रीय दशहरा मेले में भी खाद्य सुरक्षा दल ने सक्रियता दिखाते हुए दर्जनभर खाद्य सामग्री की दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों ने दुकानदारों व कारीगरों को सख्त निर्देश दिए कि वे मेला क्षेत्र में पूरी साफ-सफाई रखें, तथा काम करते समय अनिवार्य रूप से हेयर कैप और ग्लव्स का इस्तेमाल करें। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी 13 नमूनों को राज्य स्तरीय प्रयोगशाला (लैब) भिजवा दिया गया है। टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी है।