पैसों के लेन-देन को लेकर दोस्त ने दोस्त पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद युवक भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं घायल का एमबीएस हॉस्पिटल में इलाज जारी है। घटना कोटा शहर के मकबरा थाना क्षेत्र की है। दोस्त को घर से बुलाकर लेकर गया था घायल युवक का नाम शाकिर हुसैन (24) निवासी मकबरा थाना क्षेत्र के चंद्रघंटा है। घायल ने बताया कि उसका दोस्त रौनक उसे गुरुवार रात घर से बुलाकर चंद्रघंटा कब्रिस्तान के पास लेकर गया था। वहां दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर शाकिर पर हमला कर दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। हमले के बाद भागा युवक दोस्त और परिजन उसे तुरंत एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घायल युवक अपने बड़े भाई के साथ टेलरिंग का काम करता है। मकबरा थाना पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को विवाद की मुख्य वजह माना जा रहा है।