कोटा नगर निगम में मेयर पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया कल (शनिवार) होगी। इसके लिए कमरा नंबर 102 में तैयारियां की गई हैं। मेयर पद के नामांकन से पहले भाजपा में पेंच फंस गया है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि लाड़पुरा विधायक कल्पना देवी ने लाड़पुरा में डिप्टी मेयर देने की डिमांड की है। दो दिन से लगातार पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से इसको लेकर चर्चा चल रही थी। शुक्रवार देर रात अचानक से विधायक कल्पना देवी ने लाड़पुरा क्षेत्र से जीते 14 पार्षदों को अपने ऑफिस बुलाया। इसके अलावा दक्षिण क्षेत्र से जीते पार्षदों को भी देर रात दक्षिण विधायक संदीप शर्मा के सुभाष नगर स्थित कार्यालय बुलाया गया। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन्हें चित्तौड़ ले जाया गया है। हालांकि भाजपा के नेता बड़े बंदी से इनकार कर रहे हैं लेकिन पार्षदों को शाम से ही इकट्ठा होने की कॉल आने शुरू हो गए थे। इसके बाद उन्हें बस से ले जाया गया। कई पार्षदों के मोबाइल भी बंद हो गए हैं। इधर, कांग्रेस की तरफ से शुक्रवार रात को मेयर प्रत्याशी के लिए नाम फाइनल कर दिया गया है। कोटा उत्तर के वार्ड से जीती सुनीता सुमन को मेयर प्रत्याशी बनाया जा रहा है। वार्ड नंबर 17 से जीती कांग्रेस पार्षद सुनीता कुमारी को मेयर के लिए नामांकन भरवाया जाएगा। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सिंगल नाम पार्टी की तरफ से हैं। स्थानीय नेताओं ने विचार विमर्श के बाद नाम तय किया है। सुनीता के पति पूर्व पार्षद रहे हैं। धारीवाल खेमे से आते हैं। सुनीता ने पहली बार चुनाव लड़ा है। BJP की तरफ से अभी तक कोई मेयर उम्मीदवार घोषित नहीं शुक्रवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, पहले दिन कोई भी नामांकन नहीं हुआ। अब शनिवार दोपहर 3 बजे तक का आखिरी समय है, ऐसे में दोनों ही पार्टियों की तरफ से शनिवार को नामांकन भरवाए जाएंगे। इधर, बीजेपी की तरफ से अभी तक कोई प्रत्याशी मेयर के लिए घोषित नहीं किया गया है। हालांकि, नामों को लेकर भी अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि पार्टी स्तर पर नामों को लेकर चर्चा हो रही है। ये बात भी सामने आ रही है कि कोटा में बीजेपी एक साथ 9 फॉर्म जमा करवा सकती है और नाम वापसी के आखिरी दिन प्रत्याशी के नाम का सिंबल जमा करवा सकती है। इधर, कांग्रेस भी मैदान में उतरने की बात कह रही है। कोटा में बीजेपी के ये नौ चेहरे जिनके फॉर्म हो सकते हैं जमा वार्ड 10 से कमलेश बाई, वार्ड 57 में सुनीता सेन, वार्ड 64 से प्रतिभा सुमन, वार्ड 80 से संजना झामटानी, वार्ड 83 से सीमा चौधरी, वार्ड 84 से प्रमिला वर्मा और वार्ड 87 से पुष्पा चौधरी, वार्ड 94 से दिपिका शर्मा और वार्ड वार्ड 98 से अनुसुईया गोस्वामी के नाम से आवेदन करवाए जाने की योजना बीजेपी की है। वार्ड 94 से दीपिका शर्मा का अचानक नाम आया सामने इनमें दीपिका और संजना का नाम नया है। दीपिका का नाम अचानक चर्चा में आया है। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि दीपिका के जरिए बीजेपी OBC और जनरल वोट को साध सकती है। दीपिका अनारक्षित महिला सीट से चुनाव लड़ी है, लेकिन उनका मूल वर्ग ओबीसी का है। हालांकि, अभी तक किसी नाम को लेकर कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी जा रही है। बीजेपी में इनके बीच मुकाबला बीजेपी में सबसे आगे नाम है वार्ड 83 से सीमा चौधरी का। यह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का खुद का वार्ड है। वार्ड नंबर 64 में बीजेपी की प्रतिभा सुमन चुनाव जीती है। बीजेपी सूत्रों का मानना है कि पार्टी माली समाज का ध्यान रखते हुए प्रतिभा को मौका दे सकती है। इससे समाज में मैसेज भी जाएगा। इसके अलावा सुनीता के नाम को लेकर भी चर्चा हो रही है। यहां समाज को साधने की कोशिश, वोट बैंक को देखकर निर्णय लिया जा सकता है।