कोटा के कैथून थाना क्षेत्र में सोमवार को नेशनल हाईवे-27 पर ताथेड़ डिपो के पास ईको कार की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपना काफिला रुकवाकर घायलों की मदद की। मंत्री ने घायल युवती को खुद उठाकर एस्कॉर्ट वाहन में रखवाया और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। बाद में 108 एंबुलेंस से घायल पिता को भी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल बेटी का इलाज चल रहा है। बेटी के साथ गांव लौट रहे थे बनवारीलाल रामराजपुरा निवासी बनवारीलाल मीणा अपनी बेटी सिमरन मीणा के साथ किसी काम से ताथेड़ आए थे। काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ताथेड़ डिपो के पास पीछे से आ रही ईको कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मंत्री ने रुकवाया काफिला, अस्पताल पहुंचाया हादसे के समय ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर पंचायत चुनाव के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम में जा रहे थे। सड़क पर घायल पिता-पुत्री को देखकर उन्होंने तत्काल काफिला रुकवाया और मदद के लिए आगे आए। मंत्री ने घायल युवती को खुद उठाकर एस्कॉर्ट वाहन में रखवाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के पहुंचने पर घायल पिता को भी अस्पताल भिजवाया गया। दोनों को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बनवारीलाल को मृत घोषित कर दिया। मंत्री ने चिकित्सकों से घायल युवती के उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भाई की रिपोर्ट पर कार ड्राइवर के खिलाफ केस कैथून थाने के एएसआई हीरालाल पूनिया ने बताया कि मृतक के भाई सत्यप्रकाश मीणा निवासी रामराजपुरा की रिपोर्ट पर कार ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।