कोटा जिले में दूसरे चरण में दो पंचायत समितियों खैराबाद व चेचट में 72.26% मतदान हुआ। जिला परिषद के 6 वार्डो में 13 व दो पंचायत समितियों के 34 वार्डो में 83 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। कुल मिलाकर कोटा में दो चरणों में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हुआ। जिसमें जिला परिषद के 25 वार्डो में 63 प्रत्याशी व 6 पंचायत समितियों के 118 वार्डो में 302 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है। दोनों पंचायत समिति दिलावर की विधानसभा में दूसरे चरण में खैराबाद व चेचट पंचायत समिति में मतदान हुआ। ये दोनों पंचायत समिति शिक्षा मंत्री व पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में आती है। मंत्री दिलावर पर अपने विधानसभा क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन का दबाव हैं। क्योंकि पिछली बार खैराबाद पंचायत समिति में भाजपा प्रधान बनाने में कामयाब हुई थी। पिछली बार के मुकाबले 11% मतदान बढ़ा रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र में पहले एक ही खैराबाद पंचायत समिति थी। पिछले चुनाव में यहां 61.88%मतदान हुआ था। इस बार चेचट नई पंचायत समिति बनी है। पिछली बार के मुकाबले इस बार 11% वोटिंग बढ़ी है। खैराबाद में 72.70% व चेचट में 71.85% मतदान हुआ है। कांग्रेस नेता गुंजल और महेंद्र राजोरिया ने भी ताकत झोंकी इधर कांग्रेस पर भी इस बार मजबूत प्रदर्शन का दबाव है। रामगंजमंडी से विधानसभा प्रत्याशी रहे महेंद्र राजोरिया ने पूरी ताकत झोकी। कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया। दूसरे चरण में वोटिंग प्रतिशत का आकलन दोनों पार्टियों अपने-अपने हिसाब से कर रही है। पहले चरण में जिले की 4 पंचायत समितियां ( सांगोद, सुल्तानपुर, इटावा, लाडपुरा) में जिला परिषद के 19 वार्डों व पंचायत समितियों के 84 वार्डो में 64.15% मतदान हुआ था। लाडपुरा से भाजपा विधायक कल्पना देवी के क्षेत्र लाडपुरा पंचायत समिति में 70.46% वोट पड़े। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के विधानसभा क्षेत्र में आने वाली सांगोद पंचायत समिति में 67.45%, सुल्तानपुर पंचायत समिति में 63.43% और इटावा पंचायत समिति में 59.95%% मतदान हुआ हैं। इस बार कोटा जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। जिला परिषद के 25 वार्डों में से 13 वार्ड में जीत हासिल करने वाली पार्टी की सदस्य में से एक मुखिया बनेगी। पंचायत चुनाव में शिक्षा मंत्री व पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर व ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की प्रतिष्ठा दांव पर है। ऊर्जा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगोद में जिला प्रमुख के लिए ज्यादा ऑप्शन है। सांगोद में अनारक्षित ओपन के तीन वार्ड (11,13 व 14) जबकि अनारक्षित महिला के दो वार्ड (12 व 15) है। लाडपुरा पंचायत समिति में वार्ड 2 व 3 अनारक्षित महिला, सुल्तानपुर पंचायत समिति में वार्ड 16 व वार्ड 23 अनारक्षित ओपन हैं। इटावा पंचायत समिति में वार्ड 19 अनारक्षित महिला व वार्ड 20 अनारक्षित ओपन हैं। चेचट में वार्ड 6 व खैराबाद में वार्ड 8 अनारक्षित ओपन हैं।