कोटा में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को 2 पंचायत समितियों की 47 ग्राम पंचायत के सरपंच व पंच के लिए वोटिंग हुई। दूसरे चरण में 84.82% वोट पड़े। 1 लाख 47 हजार मेंसे 1 लाख 25 हजार 54 मतदाताओं ने 47 सरपंच और 505 वार्ड पंचों की किस्मत का फैसला मत पेटियों में कैद किया। जिले की खैराबाद व चेचट पंचायत समिति की 47 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के कुल 360 उम्मीदवार मैदान में हैं। वोटिंग को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। खैराबाद में 101 वर्षीय धापूबाई सरपंच चुनाव में मतदान करने पहुंचीं। पोता व्हीलचेयर पर बैठाकर बूथ पर लेकर गया। कई लोग व्हीलचेयर और लाठी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे। अमरपुरा गांव में 81 साल की धापू बाई लाठी के सहारे अपने पोते के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं। उन्होंने वोट देकर गांव की सरकार बनाने में अपनी भागीदारी निभाई। खैराबाद पंचायत समिति में 85.17% व चेचट पंचायत समिति में 84.51% मतदान हुआ। वोटिंग खत्म होने के बाद मतगणना शुरू होगी। मतदान प्रतिशत देखिए-चुनाव की PHOTOS चेचट पंचायत समिति में सबसे ज्यादा सरपंच के दावेदार चेचट पंचायत समिति की 24 ग्राम पंचायतों में 195 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। गुरुवार को 24 ग्राम पंचायतों में कुल 272 नॉमिनेशन भरे गए थे। जांच में 4 नामांकन रद्द हुए, 73 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया था। सबसे ज्यादा 17 उम्मीदवार खेड़ारूद्धा ग्राम पंचायत में चुनावी मैदान में हैं। जबकि सबसे कम 3 प्रत्याशी भटवाडा ग्राम पंचायत में हैं। देवलीकलां में 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। खैराबाद मे 165 उम्मीदवार मैदान में खैराबाद पंचायत समिति की 23 ग्राम पंचायत में 165 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। सबसे ज्यादा 21 प्रत्याशी खैराबाद ग्राम पंचायत में है। जबकि सबसे कम 3 प्रत्याशी मायला ग्राम पंचायत में है। सलावदखुर्द में सरपंच पद के लिए 13 दावेदार भाग्य आजमा रहे हैं।