कोटा जिले में दूसरे चरण में खैराबाद और चेचट पंचायत समिति में चुनाव होगा। दूसरे चरण के चुनाव में शुक्रवार को नामांकन के आखिरी दिन मंत्री मदन दिलावर ने एसडीएम कार्यालय जाकर भाजपा प्रत्याशियों के सिंबल जमा करवाए। वहीं कांग्रेस की ओर से विधानसभा प्रत्याशी रहे महेंद्र राजोरिया ने कांग्रेस प्रत्याशियों के सिंबल जमा करवाए। फिलहाल दोनों दलों ने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। दोनों पंचायत समितियों में 34 वार्डों में शुक्रवार दोपहर तक 132 नॉमिनेशन भरे गए। इसमें खैराबाद पंचायत समिति में 17 वार्डों के लिए 74 नामांकन और चेचट पंचायत समिति में 17 वार्डों के लिए 58 नामांकन भरे गए। नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटन और चुनाव लड़ने वालों की प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। दूसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होगा।