कोटा शहर में 20 दिन बाद एक बार फिर रिहायशी इलाके में सीवरेज की खुदाई के दौरान ब्लास्टिंग जैसे हालात बनने से हड़कंप मच गया। घटना में PHED की पाइपलाइन टूट गई, जिससे कॉलोनी में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों ने ब्लास्टिंग का आरोप लगाया है। हालांकि KDA इंजीनियर ने किसी भी तरह की ब्लास्टिंग से साफ इनकार किया है, जिससे मामला विवाद का विषय बन गया है। घटना तलवंडी क्षेत्र, वार्ड 71 के सेक्टर 2 और 3 की है। ब्लास्टिंग का स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। इसके बाद KDA और PHED के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से समझाइश का प्रयास किया। इस दौरान KDA अधिकारी ने ब्लास्टिंग की बात से मना किया। जबकि ब्लास्टिंग का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें ब्लास्टिंग का साउंड दबाने के लिए ऊपरी सतह पर भारी वजन वाले टायरों के लंबे-लंबे टुकड़ों को रखा गया। इससे पहले 17 मार्च को भी यहां ब्लास्टिंग की गई थी। ब्लास्टिंग से मकानों में कंपन स्थानीय निवासी जय प्रकाश ने बताया कि यहां पर ठेकेदार द्वारा सीवरेज लाइन डाली जा रही है, जबकि यहां पहले दो लाइन डल चुकी है। ठेकेदार ने पत्थर को काटने के लिए बारूद भर कर दो-तीन बार ब्लास्टिंग की। जिस कारण मकानों में कंपन हुआ और जलदाय विभाग की पानी की पाइप लाइन टूट गई। रातभर पानी बहा है। टूटी पानी की पाइप लाइन PHED के JEN मनोज ने बताया कि यहां सीवरेज का काम चल रहा था। इस दौरान पानी की पाइप लाइन तोड़ दी गई। रात को बड़ी मुश्किल से ठीक किया था, लेकिन इन्होने सपोर्ट नहीं लगाया। ठेकेदार ने कोई सूचना भी नहीं दी। आज मौके पर आकर देखा तो मौके पर ब्लास्टिंग का सामान मिला। संभवतया ब्लास्टिंग से लाइन टूटी है। ठेकेदार ने नहीं की कोई ब्लास्टिंग KDA के XEN पवन शर्मा ने बताया कि सुबह लोगों के घरों में पानी नहीं आया था। लोग इकट्ठा हो गए थे। मैं मौके पर जाकर समझाइश करके आया। ठेकेदार द्वारा कोई ब्लास्टिंग नहीं की गई। आपके पास सीसीटीवी फुटेज हो तो भेजो, ऐसा हो ही नहीं सकता। क्योंकि कुछ समय पहले जरूर ब्लास्टिंग की गई थी। तब ठेकेदार को नोटिस दिया गया था। ---------------------------------- ये खबर भी पढ़े- कोटा के रिहायशी इलाके में ब्लास्टिंग, मकानों में कंपन:सीवरेज की खुदाई के लिए बारूद भर कर किया विस्फोट, KDA इंजीनियर बोले-काम बंद करवा दिया कोटा में रिहायशी इलाके में सीवरेज की खुदाई के लिए जमीन में ड्रिलकर जिलेटिन से बारूद भर कर विस्फोट किया गया। जिसके चलते कॉलोनी के मकानों में कंपन हो रहा है। स्थानीय लोगों को मकान की नींव कमजोर होने का डर सताने लगा है।(पूरी खबर पढ़ें…)