कोटा में रिश्तेदार के घर से लौट रहे बाइक सवार 3 लोगों सड़क हादसे में घायल हो गए। एक की इलाज के दौरान न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल कोटा में मौत हो गई। घटना 25 अक्टूबर की बारां के अंता थाना क्षेत्र की है। यहां गाय सामने आने के कारण बाइक बेकाबू हो गई। अंता थाना हेड कॉन्स्टेबल रविंद्र यादव ने बताया- मृतक लटूर लाल (65) गांव मोडूहेड़ा थाना कनवास (कोटा) का रहने वाला था। खेती करता था। रविवार को बेटे रामदयाल और पोते के साथ रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने एमपी गया था। शाम को तीनों बाइक से लौट रहे थे। रामदयाल बाइक चला रहा था। लटूर लाल व पोता पीछे बैठे हुए थे। मृतक को अंदरूनी चोट लगी परिजनों ने बताया- रास्ते में अचानक से गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में बाइक बेकाबू हो गई। तीनों नीचे गिर गए। सड़क पर गिरने से लटूर लाल के अंदरूनी चोट लगी। नाक से भी खून बहने लगा। जिसे परिजन इलाज के लिए कोटा लेकर आए। इलाज के दौरान लटूर की मौत हो गई। परिजनों ने कार्रवाई नहीं करने की लिखित में रिपोर्ट दी है। इसके बाद बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया। बेटे रामदयाल ने बताया- हम एमपी से अंता होते हुए गांव लौट रहे थे। रात साढ़े 7 बजे अंधेरा हो रहा था। सड़क पर गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में बाइक का बैलेंस बिगड़ गया। सामने से आ रही गाड़ियों की लाइट का फोकस पड़ने से बाइक पर कंट्रोल नहीं रहा। हम तीनों नीचे गिर गए। पिता के अंदरूनी चोट ज्यादा लगी। उन्हें कई बार उल्टियां हुई। कोटा मे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।