कोटा में बाइक व स्कूटी की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे रायपुर पेट्रोल पंप के पास की है। मृतक युवक गोपाल बैरवा(33) बारां का रहने वाला था। वो कोटा में जेसीबी ऑपरेटर का काम करता था। घटना के दौरान मृतक युवक जेसीबी के टूल्स से संबंधित सामान लेने शहर में जा रहा था। रास्ते में सामने से आ रही स्कूटी ने टक्कर मार दी। एक्सीडेंट के बाद युवक बाइक से सड़क पर गिर गया। एंबुलेंस की मदद से युवक को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। साइट पर जेसीबी चलाता था मृतक मृतक के भाई राजकुमार ने बताया- गोपाल जेसीबी पर ऑपरेटर था। पिछले डेढ़ साल से पत्नी व बच्चों के साथ कोटा के रायपुरा इलाके में रह रहा था। वर्तमान में वो 50 बीघा जमीन पर चल रही साइट में जेसीबी चला रहा था। गोपाल के 2 बेटे व 3 बेटियां है। सबसे बड़ा बेटा 10 साल का है। मृतक के भाई के अनुसार गोपाल मंगलवार को सुबह 11 बजे करीब जेसीबी मशीन का सामान लेने बाइक से शहर के लिए रवाना हुआ था। उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित रायपुर पेट्रोल पंप के पास गोपाल की बाइक व स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर हो गईं। एक्सीडेंट में गोपाल गंभीर घायल हो गया। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए उसे हॉस्पिटल ले जाया गया था। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग कोटा पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही उद्योग नगर थाना ASI कंवर सिंह ने बताया स्कूटी व बाइक के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में युवक की मौत हो गईं। मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया था। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।