कोटा में विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आरटीओ अधिकारी मनीष शर्मा के सरकारी कंप्यूटर पर सुबह करीब 10 बजे धमकी भरा ई-मेल आया। ईमेल में दावा किया कि दोपहर 1 से 3 बजे के बीच जहरीली गैस वाले पांच बम विस्फोट करेंगे। साथ ही ई-मेल को तुरंत कोटा सिटी एसपी को भेजने की बात भी लिखी गई थी। धमकी मिलते ही आरटीओ अधिकारी ने तत्काल कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। सुबह करीब 10:30 बजे पुराने आरटीओ कार्यालय को खाली कराया गया। मौके पर विज्ञान नगर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम पहुंची और पूरे परिसर की एक-एक कोने की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी तरह का संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस टीम ने कोने-कोने की ली तलाशी बाद में पुलिस टीम जगपुरा स्थित नए आरटीओ कार्यालय पहुंची, जहां भी पूरे भवन की बारीकी से जांच की गई। वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। आरटीओ अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि ई-मेल मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब दो से तीन घंटे तक दोनों कार्यालयों की जांच की। जांच पूरी होने के बाद जब किसी प्रकार का खतरा नहीं मिला तो कार्यालयों में कामकाज फिर सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया। फिलहाल धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में पुलिस जुटी है।