कोटा के थर्मल पावर प्लांट परिसर में एक बार फिर देर रात दो भालू घुस आने से कर्मचारियों में दहशत फैल गई। दोनों भालू फायर स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क के बीच बने गार्डन क्षेत्र में नजर आए। नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने भालुओं का वीडियो भी बनाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भालू काफी देर तक परिसर में इधर-उधर घूमते रहे। इस दौरान कर्मचारी सतर्कता बरतते नजर आए और कई लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। थर्मल प्लांट क्षेत्र में भालुओं की साइटिंग कोई नई बात नहीं है। यहां पहले भी कई बार भालू घुस चुके हैं, जिससे कर्मचारियों में लगातार भय का माहौल बना रहता है। कर्मचारियों ने बताया कि पहले भी नाइट शिफ्ट के दौरान भालू कर्मचारियों पर हमला कर चुके हैं। एक कर्मचारी ने भागकर अपनी जान बचाई थी और बाल-बाल बच गया था। वन विभाग ने पूर्व में भालुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए थे, जिसमें एक भालू कैद भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद दो से तीन बार फिर भालू परिसर में आ चुके हैं। थर्मल प्लांट में वन्यजीवों की मौजूदगी का खतरा सिर्फ भालुओं तक सीमित नहीं रहा। कुछ समय पहले एक कर्मचारी पर अजगर ने हमला कर दिया था और उसे कुंडली मारकर जकड़ लिया था। आसपास मौजूद अन्य कर्मचारियों ने समय रहते उसे छुड़ाकर जान बचाई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद कर्मचारियों ने प्लांट प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और स्थायी समाधान की मांग की है।