कोटा के थर्मल पावर प्लांट में एक बार फिर भालू घुस गए। दोनों भालू फायर स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क के बीच बने गार्डन क्षेत्र में नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है। इससे पहले भालू यहां कर्मचारियों पर हमला कर चुके है। अजगर भी एक कर्मचारी पर कुंडली मारकर बैठ गया था। ऐसे में हमेशा एक डर बना रहता है। थर्मल प्लांट में पहले भी आ चुके भालू प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- दोनों भालू काफी देर तक परिसर में घूम नजर आए। भालुओं को देखकर कर्मचारी सुरक्षित जगहों पर चले गए। थर्मल प्लांट क्षेत्र में भालुओं की साइटिंग कोई नई बात नहीं है। यहां पहले भी कई बार भालू घुस चुके हैं, जिससे कर्मचारियों में डर बना रहता है। कर्मचारियों ने बताया कि पहले भी नाइट शिफ्ट के दौरान भालू कर्मचारियों पर हमला कर चुके हैं। एक कर्मचारी ने भागकर अपनी जान बचाई थी और बाल-बाल बचा था। वन विभाग ने पूर्व में भालुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए थे, जिसमें एक भालू कैद भी हुआ था। इसके बाद भी दो से तीन बार फिर भालू परिसर में आ चुके हैं। कुंडली मारकर बैठ गया था अजगर थर्मल प्लांट में वन्यजीवों की मौजूदगी का खतरा सिर्फ भालुओं तक सीमित नहीं रहा। कुछ समय पहले एक कर्मचारी पर अजगर ने हमला कर दिया था और उसे कुंडली मारकर जकड़ लिया था। आस-पास मौजूद अन्य कर्मचारियों ने समय रहते उसे छुड़ाकर जान बचाई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद कर्मचारियों ने प्लांट प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और स्थायी समाधान की मांग की है।