गर्मी की छुट्टियों के दौरान रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से एक्स्ट्रा कोच लगाने का फैसला लिया है। इससे यात्रियों को आसानी से सीटें उपलब्ध होंगी और वेटिंग दबाव कम होने की उम्मीद है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04717/04718 हिसार–तिरुपति–हिसार स्पेशल में हिसार से 4 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक व तिरुपति से 6 जुलाई 2026 से 27 जुलाई 2026 तक एक थर्ड एसी (3एसी) कोच एक्स्ट्रा लगाया जाएगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20481/20482 भगत की कोठी–तिरुच्चिराप्पल्ली–भगत की कोठी एक्सप्रेस में भगत की कोठी से 1 जुलाई 2026 से 29 जुलाई 2026 तक और तिरुच्चिराप्पल्ली से 4 जुलाई 2026 से 1 अगस्त 2026 तक एक शयनयान (स्लीपर) कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। 4.50 लाख का चोरी का सामान बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार कोटा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने महिला यात्री के चोरी हुए लगभग 4.50 लाख के चोरी के सामान बरामद किए है। चोरी के आरोपी चंदर शोंधिया (21) निवासी गुना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया था। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी सोने की अंगूठियां तथा करीब 50,000 नकद रखे हुए थे। जीआरपी कोटा ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरपीएफ रामगंजमंडी ने बांद्रा टर्मिनस से संबंधित कोच की सीसीटीवी फुटेज चेक किए। जिसमें एक संदिग्ध युवक को कोच एम-1 से चोरी का पर्स लेकर जाते हुए देखा। फुटेज के आधार पर आरपीएफ रामगंजमंडी और जीआरपी कोटा ने आरोपी को रामगंजमंडी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना कबूला। आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, सोने की अंगूठियां तथा लगभग 18,500 नकद बरामद किए।