खैरथल-तिजारा जिले के साधारण परिवार से आने वाले युवा कलाकार संदेश भंडारी ने अपनी मेहनत, लगन और अभिनय के जुनून के दम पर अंतरराष्ट्रीय फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाई है। छोटे से कस्बे कोटकासिम से निकलकर उन्होंने इंटरनेशनल फीचर फिल्म में लीड एक्टर के तौर पर रोल निभाया है। संदेश की डेनमार्क में फिल्म ‘लक्की’ (Lucky) का इंटरनेशनल प्रीमियर आयोजित किया गया। संदेश की इस सफलता पर पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खैरिया ने भी संदेश भंडारी और उनके परिवार को बधाई दी। विधायक खैरिया ने कहा- संदेश भंडारी अपने क्षेत्र के पहले ऐसे युवा बन गए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाई है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो संसाधनों की कमी भी किसी के सपनों को रोक नहीं सकती। यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसरों के रास्ते खोलेगी। संघर्ष, मेहनत और परिवार के सहयोग से मिली सफलता पिता गजे सिंह ने बताया- संदेश की इस उपलब्धि के पीछे लंबे समय का संघर्ष और मेहनत है। परिवार ने हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया। उनकी माता सपना देवी, उनकी बड़ी बहन संध्या भंडारी और छोटे भाई लवीश ने उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। परिवार के इस मजबूत सहयोग ने संदेश को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘लक्की’ फिल्म में संघर्ष और आत्मविश्वास की कहानी फिल्म ‘लक्की’ में एक भारतीय युवक के विदेश जाने पर उसकें संघर्ष और चुनौतियों को प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है। डेनमार्क में हुए प्रीमियर के दौरान फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।