कोटपूतली में 16वीं जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार शाम नगर परिषद के सभागार में शुरु हुआ। यह प्रशिक्षण 15 अप्रैल 2026 से 17 अप्रैल 2026 तक चलेगा। पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण ने कहा-आगामी जनगणना देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी। उन्होंने इसे केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की आगामी नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की दिशा की आधारशिला बताया। ट्रेनरों को बताया प्रक्रिया की रीढ़ की हड्डी सहारण ने फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण की हर बारीकी को गंभीरता से समझने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेनर इस पूरी प्रक्रिया की रीढ़ की हड्डी हैं और उन्हें अपनी सभी शंकाओं का समाधान यहीं कर लेना चाहिए, क्योंकि वे ही आगे चलकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। सत्र के दौरान जानकारी दी गई कि जनगणना का प्रथम चरण 'मकान सूचीकरण और मकानों की गणना' के रूप में आयोजित होगा। स्व-गणना (Self-Enumeration) 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें नागरिक स्वयं विवरण दर्ज कर सकेंगे। फील्ड स्टाफ द्वारा घर-घर जाकर गणना का कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। नक्शा तैयार करने का प्रशिक्षण दिया तकनीकी एवं विधिक सत्र में जिले के मास्टर ट्रेनर डॉ. सुभाष चन्द्र यादव (सहायक आचार्य) और आलेख कौंडिन्य ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के कानूनी प्रावधानों, मकान सूचीकरण प्रक्रिया और नजरी नक्शा तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान डिजिटल जनगणना के मुख्य टूल 'मोबाइल ऐप (HLO)' के तकनीकी पहलुओं पर भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी बाबू लाल बैरवा ने जनगणना 2027 की विस्तृत रूपरेखा और आगामी चरणों के बारे में जानकारी प्रस्तुत की।