कोटपूतली में जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने शुक्रवार को श्रीमती पाना देवी महिला महाविद्यालय में मतदान दलों के प्रशिक्षण स्थल और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतदान कार्मिकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल पर मतदान कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान कार्मिकों को मतदान और मतगणना प्रक्रिया के साथ उनके दायित्वों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्मिकों को प्रशिक्षण के दौरान ही अपनी शंकाओं का समाधान करने की सलाह दी। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था जांची इसके बाद अपर्णा गुप्ता ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल मीणा, चुनाव शाखा के प्रशासनिक अधिकारी तेजपाल यादव, डॉ. अनिल यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।