कोटपूतली-बहरोड़ में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में निवेश परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजनाओं की स्थिति, विभागवार प्रगति, स्वीकृतियां, माइलस्टोन और ग्राउंड ब्रेकिंग से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निवेश परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें तय समय सीमा में पूरा कर उत्पादन स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। 455 एमओयू में से 421 अपडेट और स्वीकृत बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 455 एमओयू प्राप्त हुए थे, जिनमें करीब ₹60,201.23 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इनमें से 421 एमओयू अपडेट और स्वीकृत हो चुके हैं, जिनकी कुल निवेश राशि ₹59,019.32 करोड़ है। वहीं, शेष 34 एमओयू के अपडेट की प्रक्रिया जारी है। इनकी कुल निवेश राशि ₹1,182.31 करोड़ बताई गई है। प्रशासन के अनुसार जिले में अब तक 180 परियोजनाओं में ₹4,951.20 करोड़ का निवेश कार्य शुरू हो चुका है। इससे जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाएं बढ़ रही हैं। रीको और उद्योग विभाग के प्रस्तावों की हुई समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के निवेश प्रस्तावों की प्रगति पर चर्चा की गई। इनमें रीको के 200 एमओयू, ऊर्जा विभाग के 47 एमओयू, कृषि विभाग के 43 एमओयू, उद्योग विभाग के 33 एमओयू, स्कूल शिक्षा विभाग के 18 एमओयू, पर्यटन विभाग के 17 एमओयू, एमएसएमई एवं हस्तशिल्प के 12 एमओयू शामिल हैं। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक निवेश परियोजना की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए और पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान जिले के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण पहल है। सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक परियोजनाओं को उत्पादन चरण तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। अधिकारियों ने दी प्रगति रिपोर्ट बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र कोटपूतली-बहरोड़ भंवर लाल सैनी ने निवेश परियोजनाओं की विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर रीको वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार भट्ट, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, डीईओ प्रकाश चंद मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।