कोटपूतली नगर परिषद कोटपूतली क्षेत्र के पनियाला गांव में मनरेगा श्रमिकों का करीब दो वर्षों से लंबित भुगतान जारी करवाने की मांग को लेकर पार्षद उमेश आर्य के नेतृत्व में नगर परिषद के जेईएन कृष्ण गुर्जर को ज्ञापन सौंपा गया। परिवारों पर आर्थिक संकट पार्षद उमेश आर्य ने बताया कि मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण गरीब और मजदूर वर्ग को रोजगार के साथ आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। हालांकि, पनियाला के श्रमिकों को कार्य पूरा करने के बावजूद लगभग दो वर्षों से उनका मेहनताना नहीं मिला है। इससे कई परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर लंबित भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द श्रमिकों के खातों में राशि जमा कराने की मांग की। आर्य ने जोर देकर कहा कि मजदूर के पसीने की कीमत समय पर मिलनी चाहिए, क्योंकि देर से मिला मेहनताना अन्याय के समान है। पार्षद आर्य ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान जारी नहीं किया गया, तो श्रमिकों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट नरेश मेहरा, फूलचंद भाटिया, सुभाष चंद, कैलाश आर्य, अनिता, शीला, मीरा, उर्मिला, बिमला, राजबाला, रोशनी, तीजा, लक्ष्मी, लाली, मुकेश, सपना, माया, बनारसी, सुमन, सुशीला, मंजू सहित बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक मौजूद रहे।