कोटपूतली। सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देशन में जिले में दूध में मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न दूध समितियों पर कार्रवाई करते हुए 15 दूध के नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा और शशिकांत शर्मा सहित जांच दल ने विभिन्न दूध समितियों के वाहनों से मिश्रित दूध, गाय के दूध और भैंस के दूध के नमूने लिए। इनमें गोपालपुरा, लाड़पुर की ढाणी, भीटेड़ा, आलनपुर, गुंती, स्वामी की ढाणी (बानसूर), भूपसेड़ा, बुरा की ढाणी, बासदयाल, भोज का बड़ (हाजीपुर), कारोड़ी, ऊंचपुर, शाहपुर और ओसपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों की दूध समितियां शामिल रहीं। रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी 15 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Foscos ID मैपिंग पूरी, लाइसेंस बनवाने के निर्देश अधिकारियों ने बताया कि जिले में FSSAI के तहत Foscos ID की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही नए खाद्य लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों और डेयरी संचालकों से अपील की है कि जिनके पास अभी तक खाद्य लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नहीं है, वे जल्द इसे बनवा लें। बिना वैध लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के कारोबार करते पाए जाने पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।