कोटपुतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा थाना क्षेत्र के पंच पहाड़ी गांव में नदी क्षेत्र के पास जंगल में आग लग गई। घटना से पास के मंदिर परिसर में लगे मेले में मौजूद ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हवा के कारण तेजी से फैली आग फायरमैन ख्यालीराम यादव के अनुसार, आग अज्ञात कारणों से लगी थी। तेज हवाओं के कारण यह तेजी से फैलती चली गई और नदी किनारे के एक बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे मेले में आए लोगों में भय का माहौल बन गया और वे सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। आग लगने की सूचना शाम 6:42 बजे मिली, जिसके बाद दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया।